केरल में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच इडुक्की जिले के वट्टावडा इलाके में लैंडस्लाइड की घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बालकृष्ण और चिन्नू के रूप में हुई है। बालकृष्ण की पत्नी मरियम्मा इस हादसे में घायल हुई हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
भारी बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में भूस्खलन, जलभराव और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने भी राज्य के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है।
इडुक्की में हुई घटना के बाद जिला प्रशासन ने राहत और सुरक्षा उपायों को तेज कर दिया है। जिला प्रभारी मंत्री अनूप जैकब ने घायल महिला को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं और उनके इलाज का खर्च सरकार द्वारा उठाने की बात कही है। मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जोखिम वाले पहाड़ी इलाकों में जाने से बचने की अपील की है।